नेपाल में हिंदुस्तान यूनीलीवर की फैक्टरी बंद (लीड-1)
नेपाल के 10 जिलों में रविवार को आम हड़ताल का आह्वान करने वाले माओवादी संगठन 'तमांग राष्ट्रीय मुक्ति मोर्चा' ने मकवानपुर जिले के बासमादी स्थित यूनीलीवर लिमिटेड की फैक्टरी को बंद करवा दिया।
बहरहाल यूनीलीवर नेपाल के प्रबंधन ने आईएएनएस को बताया कि वह सोमवार को काम आरंभ होने की आशा में हैं।
मोर्चा नेपाल में एक संप्रभु तमासलिग राज्य की मांग कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1994 में हिंदुस्तान यूनीलीवर लिमिटेड ने नेपाल में कदम रखा था। यह कंपनी नेपाल में कपड़े धोने के पाउडर, टूथपेस्ट, साबुन, शैंपू और अन्य घरेलू उपयोग की सामग्रियों का उत्पादन करती है।
बासमादी स्थित यूनीलीवर लिमिटेड की फैक्टरी में लगभग 150 कर्मचारी काम करते हैं। यह नेपाल की प्रमुख कंपनियों में एक है।
स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग के चलते यह फैक्टरी पिछले वर्ष के आरंभ से ही बाधाओं का सामना कर रही थी।
माओवादियों की आम हड़ताल में रविवार को कावरे जिले के बानेपा कस्बे में हिंसक प्रदर्शनकारियों से संघर्ष में 12 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए। गुस्साए स्थानीय नागरिकों ने भी संघर्ष का रास्ता अपनाया और माओवादी पार्टी के स्थानीय कार्यालय में आग लगा दी। स्थानीय प्रशासन ने स्थिति से निपटने के लिए अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications