राकांपा सांसद पद्मसिंह 14 जून तक सीबीआई हिरासत में (लीड-2)
वरिष्ठ सरकारी वकील एजाज पठान ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि पाटिल पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और धारा 120-बी (हत्या के षड्यंत्र) के तहत आरोप दर्ज किया गया है।
पनवेल की अदालत ने पाटिल की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए सीबीआई से उन्हें सभी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिया।
इससे पहले महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री पाटिल को सिर में दर्द, चक्कर आने और उच्च रक्तचाप की शिकायत के बाद मुंबई के जे. जे. अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्हें अदालत ले जाया गया।
पाटिल ने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में कहा कि उन्हें निबांलकर हत्याकांड में फंसाया गया है।
पाटिल उस्मानाबाद से सांसद हैं। उनकी गिरफ्तारी की खबर मिलते ही उस्मानाबाद में उनके समर्थकों ने अपने नेता की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन और उपद्रव किया। उन्होंने पत्थरबाजी करके कई निजी वाहनों और दो सरकारी बसों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता पवन राजे निबांलकर की कालमबोली में तीन जुलाई 2006 को दो अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
सीबीआई ने पिछले हफ्ते निबांलकर की हत्या के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया था। दोनों ने इस बात का खुलासा किया कि उन्हें मैग्सेसे पुरस्कार विजेता व सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे की हत्या की भी सुपारी मिली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।