बिहार में जेपी सेनानी सम्मान योजना शुरु

जेपी सेनानी सम्मान योजना की जानकारी बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने कैबिनेट की एक बैठक के बाद पटना में दी.
इसके तहत आंदोलन के दौरान जेल में गए या पुलिस की गोलीबारी में घायल लोगों और मारे गए लोगों के परिजनों को फ़ायदा मिलेगा.
इन लोगों को 2500 से 5000 रुपए तक मासिक सम्मान पेंशन दी जाएगी. योजना एक जून 2009 से प्रभावी मानी जाएगी.
पुलिस की गोलीबारी से मारे गए या जिनकी जेल में मौत हो गई उनके परिजनों को हर महीने पाँच हज़ार रुपए मिलेंगे.
योजना के तहत आने वाले लोग बिहार में राज्य परिवहन की बसों में मुफ़्त यात्रा भी कर सकेंगे.
संपूर्ण क्रांति
1974 की संपूर्ण क्रांति में जयप्रकाश नारायण के आह्वान पर हज़ारों की संख्या में लोगों ने सरकार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया था.
आपातकाल के दौरान कई लोगों को जेल में बंद कर दिया गया था. कई साहित्यकारों, रंगकर्मियों, कवियों और लेखकों ने भी आंदोलन में हिस्सा लिया था.
बिहार सरकार अपनी नई योजना पर करीब 31 करोड़ रुपए खर्च करेगी.टीकाकारों का कहना है कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश की तर्ज पर बिहार में भी अपना प्रभाव बढ़ाना चाहती है और इसी को देखते हुए बिहार सरकार ने ये क़दम उठाया है.
लेकिन नितीश कुमार ने कहा है कि इस योजना से रानजीति से कोई लेना-देना नहीं है.
चुनाव से पहले इस तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं कि कांग्रेस केंद्र में सरकार बनाने के लिए नितीश कुमार से हाथ मिला सकती है.
कांग्रेस के युवा नेता राहुल गांधी ने भी एक पत्रकार वार्ता में नितीश कुमार की तारीफ़ की थी.
बिहार सरकार की नई योजना को इस संदर्भ में भी देखा जा रहा है.


Click it and Unblock the Notifications