जांच के घेरे में हैं रुबी ढल्ला
टोरंटो, 6 जून (आईएएनएस)। तीन आयाओं का शोषण करने संबंधी आरोपों से घिरीं कनाडा की भारतीय मूल की सांसद रुबी ढल्ला को कई तरह की जांच का सामना करना होगा। कनाडा की पहली सिख महिला सांसद ढल्ला वर्ष 2004 से ब्रैम्पटन-स्प्रिंगडेल क्षेत्र का प्रतिनिधितत्व कर रही हैं।
वर्ष 2008 में ढल्ला ने अपनी मां की देखभाल के लिए फिलीपींस की तीन आयाओं को रखा था। इन तीनों ने ढल्ला पर कम मजदूरी देने, अधिक काम लेने और कार तथा जूतों की सफाई जैसे अतिरिक्त कार्य भी कराने का आरोप लगाया है।
इनमें दो आयाएं मैग्दालेन गोरदो (35 वर्ष) और रिचेलिन तोंगसोन (35 वर्ष) इस महीने संसदीय समिति के सामने पेश हुईं और बताया कि कैसे ढल्ला ने उनका शोषण करने के साथ ही उनका पोसपोर्ट भी रख लिया।
समिति के समक्ष अपनी गवाही में ढल्ला ने सभी आरोपों से इंकार किया।
आयाओं और ढल्ला की सुनवाई के बाद संसदीय समिति ने केंद्र और ओंटारियो प्रांत की सरकार से आरोपों की गहन जांच कराने की सिफारिश की।
अगले सप्ताह पेश होने से पहले ही लीक हुई 31 पन्नों की रिपोर्ट में समिति ने प्रांतीय और संघीय सरकार से ढल्ला के आवास पर रहने वाली पूर्व परिचारिकाओं के सभी आरोपों की जांच कराने और उपयुक्त कदम उठाने की सिफारिश की है।
उल्लेखनीय है कि ढल्ला मिस कनाडा-इंडिया की उपविजेता रह चुकी हैं और उन्हें भविष्य में लेबर पार्टी की किसी सरकार में मंत्री पद का दावेदार माना जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications