दुर्घटनाग्रस्त होने के पहले विमान में तकनीकी गड़बड़ी महसूस की गई थी (लीड-1)
पॉल-लुइस आर्सलैनिन ने पेरिस में पत्रकारों को बताया, "विमान की कई सारी प्रणालियों ने काम करना बंद कर दिया था जिसमें स्वचालित पायलट भी शामिल था।"
इसके अतिरिक्त विमान ने दुर्घटनाग्रस्त होने के पहले पांच मिनट के भीतर गड़बड़ी के 24 संकेत भेजे थे।
गौरतलब है कि यह विमान रियो डी जनेरियो से पेरिस के लिए उड़ान भरने के बाद सोमवार को लापता हो गया था। इसमें 216 यात्री और चालक दल के 12 लोग सवार थे। विमान में फ्रांस के 72, ब्राजील के 60 और जर्मनी के 26 नागरिक व अन्य 29 देशों के नागरिक सवार थे।
आर्सलैनिन ने कहा है कि विमान में लगे कंप्यूटर ने स्वचालित पायलट को बंद कर दिया था, क्योंकि गति मापक तीन उपकरणों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे का फर्क दिखाई दे रहा था।
आर्सलैनिन ने कहा कि विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के पीछे के रहस्य का खुलासा तभी हो सकेगा, जब विमान के मलबे का और दोनों ब्लैक बॉक्स का परीक्षण कर लिया जाएगा।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक विमान के मलबे को ढूंढने के काम में शुक्रवार को खराब मौसम और कम दृश्यता की वजह से खासी दिक्कत आई।
फ्रांस का कहना है कि वह हादसे के संभावित इलाके में विमान का ब्लैक बॉक्स ढूंढने के लिए एक पनडुब्बी भेजेगा ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर इस विमान के साथ क्या हुआ था।
इस मामले में गुरुवार को अहम मोड़ तब आया जब ब्राजीलियाई वायु सेना के हवाई नियंत्रण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर रैमोन काडरेसो ने कहा कि महासागर से बरामद मलबा दुर्घटनाग्रस्त विमान का नहीं है।
फ्रांस के रक्षा मंत्री हर्व मोरिन ने पेरिस में कहा कि एक परमाणु पनडुब्बी को ब्राजील के तट से लगभग 1,200 किलोमीटर के इलाके में भेजा जा रहा है। यह पनडुब्बी अत्याधुनिक और संवेदनशील उपकरणों से लैस है।
मोरिन ने कहा, "यह पनडुब्बी विमान का ब्लैक बॉक्स ढूंढने में मदद कर सकती है।" उन्होंने कहा कि आशंका इस बात की भी है कि यह विमान आतंकवादियों के बम विस्फोट का निशाना बना हो।
उधर, इस हादसे की जांच में जुटी बीईए ने एक बयान में आधारहीन सूचनाओं के आधार पर अटकलबाजी करने से बचने के लिए कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications