कश्मीर लगातार छठे दिन बंद रहा
बंद की वजह से सड़के वीरान रहीं और सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। अलगाववादी संगठन हुर्रियत कांफ्रेंस ने इस बंद का आह्वान किया है। पिछले एक सप्ताह में कई अलगाववादियों को सुरक्षा बल या तो गिरफ्तार कर चुके हैं या फिर उन्हें घरों में नजरबंद कर दिया गया है।
अलगाववादियों के गढ़ श्रीनगर के पुराने शहर में तनाव बरकरार है। वहां सुरक्षा बलों पर पथराव कर रही युवाओं की भीड़ को तितर-बितर करने के लिए चेतावनी के रूप में हवाई फायरिंग की गई और लाठी चार्ज किया गया।
पुराने शहर में लोगों ने अर्धसैनिक बलों पर आरोप लगाया कि उन्होंने जामा मस्जिद की खिड़की के शीशे तोड़ डाले और युवकों से कठोरता से पेश आई।
इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले को शांत किया और स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
शनिवार को अपेक्षाकृत प्रदर्शनकारी शांत रहे लेकिन कई स्थानों पर पथराव किया गया और कुछ स्थानों पर अर्धसैनिक बलों एवं पुलिस के साथ उनका टकराव भी हुआ।
इसी बीच अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी को अपने घर में नजरबंद कर दिया गया है। गिलानी ने शुक्रवार को रविवार तक के लिए बंद का आह्वान किया था।
उल्लेखनीय है कि नीलोफर जान (22) और उसकी रिश्तेदार असिया जान (17) के साथ बलात्कार के बाद दोनों की हत्या कर दी गई थी। दोनों के शव उत्तरी कश्मीर के शोपियां कस्बे में स्थित उनके घर के पास एक खेत में 30 मई को पाए गए थे।
लोगों का आरोप है कि सुरक्षाबलों ने इस कृत्य को अंजाम दिया है। इस बीच सरकार ने इस घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं और जांच के लिए उच्च न्यायालय के न्यायाधीश को नियुक्त किया गया है। प्रारंभिक जानकारी में कहा गया है कि महिलाओं के साथ बलात्कार नहीं किया गया।
इस बीच विपक्षी पार्टी पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जिला मुख्यालयों में रैली निकाली और सेना को दिए गए विशेषाधिकारों को निरस्त करने की मांग की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications