कानपुर मे साथी की मौत से गुस्साए छात्रों ने किया हंगामा
गुस्साए छात्रों ने शनिवार तड़के स्टूडेंट्स वेलफेयर के डीन के मकान और गाड़ी को आग के हवाले कर दिया और कुलसचिव के घर पर भी धावा बोला। छात्रों ने परिसर के बाहर भी कई वाहनों को अपना निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ और आगजनी की। मौके पर पहुंची पुलिस पर भी छात्रों ने पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने छात्रों को तितर-बितर करने के लिए बल का प्रयोग किया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हुई जिसमें कई छात्रों को चोट आई।
छात्रों के उपद्रव के मद्देनजर विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस की सहायता से परिसर स्थित छात्रावास खाली करा दिये हैं। कानपुर के उप-महानिरीक्षक एच.आर.शर्मा ने संवाददाताओं से कहा फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। तनाव को देखते हुए कृषि विश्विद्यालय परिसर और आस-पास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार देर रात विश्वविद्यालय के बीएससी के छात्र सुनील यादव की अचानक तबीयत खराब हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई। छात्रों का आरोप है कि सुनील यादव की तबीयत बिगड़ने पर भी विश्वविद्यालय प्रशासन लापरवाह बना रहा और समय से एंबुलेंस नहीं बुलाई गई, जिसके कारण उसने दम तोड़ दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications