फ्लाइट ए-447 का रहस्य गहराया

समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक विमान के मलबे को ढूंढने का जो काम चल रहा है उसमें शुक्रवार को खराब मौसम और कम दृश्यता की वजह से खासी दिक्कत आई।
ब्लैक बॉक्स की खोज जारी
फ्रांस का कहना है कि वह हादसे के संभावित इलाके में विमान का ब्लैक बॉक्स ढूंढने के लिए एक पनडुब्बी भेजेगा ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर इस विमान के साथ क्या हुआ था। इस मामले में गुरुवार को अहम मोड़ तब आया जब ब्राजीलियाई वायु सेना के हवाई नियंत्रण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर रैमोन काडरेसो ने कहा कि महासागर से बरामद मलबा दुर्घटनाग्रस्त विमान का नहीं है।
फ्रांस के रक्षा मंत्री हर्व मोरिन ने पेरिस में कहा कि एक परमाणु पनडुब्बी को ब्राजील के तट से लगभग 1,200 किलोमीटर के इलाके में भेजा जा रहा है। यह पनडुब्बी अत्याधुनिक और संवेदनशील उपकरणों से लैस है।
बम का शिकार होने की भी आशंका
मोरिन ने कहा, "यह पनडुब्बी विमान का ब्लैक बॉक्स ढूंढने में मदद कर सकती है।" उन्होंने कहा कि आशंका इस बात की भी है कि यह विमान आतंकवादियों के बम विस्फोट का निशाना बना हो। उधर, इस हादसे की जांच में जुटी 'फ्रेंच ऑफिस ऑफ एक्सीडेंट इंवेस्टिगेशंस एंड एनालिसिस' (बीईए) ने एक बयान में आधारहीन सूचनाओं के आधार पर अटकलबाजी करने पर चेतावनी दी है।
गौरतलब है कि यह विमान रियो डी जनेरियो से पेरिस के लिए उड़ान भरने के बाद सोमवार को लापता हो गया था। इसमें 216 यात्री और चालक दल के 12 लोग सवार थे। विमान में फ्रांस के 72, ब्राजील के 60 और जर्मनी के 26 नागरिक व अन्य 29 देशों के नागरिक सवार थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications