लश्कर के निशाने पर दक्षिण भारत

हैदराबाद के सभी प्रमुख इलाकों में गुरुवार शाम अचानक तलाशी अभियान शुरू हो गये। जगह-जगह पुलिस के जवान सक्रिय हो गये। असल में आंध्र प्रदेश पुलिस को खुफिया विभाग ने जानकारी दी है कि लश्कर के आतंकी देश में प्रवेश कर चुके हैं और दक्षिण भारत के शहर इस बार उनके निशाने पर हैं।
पाकिस्तान से आये 3 आतंकी
आईबी के विशेष सेल ने इसका खुलासा करते हुए बताया कि पाकिस्तान से आये ये आतंकी गत 1 जून को टाटा सूमो गाड़ी पर सवार होकर श्रीनगर से निकले। इनके पास फिलहाल कोई शस्त्र नहीं है। इन आतंकियों को उसी शहर में शस्त्र मुहैया कराये जाने की योजना है, जहां हमला होना है।
आईबी के मुताबिक हमले के लिए निकले तीन आतंकियों के नाम शरीफ अहमद भट्टी उर्फ अबू मसाब (23), नजीर अहमद उर्फ अबू जहांगीर (31) और मोहम्मद अहमद उर्फ अबू झरकावी (21) हैं। खुफिया जानकारी से पता चला है कि ये तीनों आतंकी डेक्कन एक्सप्रेस ट्रेन से हैदराबाद पहुंचेंगे। ये तीनों आतंकी युवा हैं और गोरे रंग के करीब साढ़े पांच फुट लंबे हैं। ये लोग पंजाबी लहजे में उर्दू बोलते हैं।
आईबी से सूचना मिलने के बाद हैदराबाद पुलिस कमिशनर बी प्रसाद राओ ने एक जन सूचना जारी की है, जिसमें आम लोगों से कहा गया है कि यदि उनके इलाके में इस तरह का कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस के नंबर 100 के अलावा मोबाइल नंबर 90101-00100 पर भी सूचना दी जा सकती है।
कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल भी सतर्क
पुलिस के मुताबिक शहर की सभी प्रमुख इमारतों, शॉपिंग मॉल, धार्मिक स्थल व पर्यटक स्थलों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने खास तौर से ऑटो व टैक्सी चालकों से आग्रह किया है कि यदि संदिग्ध व्यक्ति दिखें तो तुरंत सूचित करें।
आईबी के एक विशेष अधिकारी के मुताबिक सुरक्षा कारणों से ये तीनों आतंकवादी हैदराबाद को छोड़ दक्षिण भारत के बाकी के बड़े शहरों जैसे बेंगलुरू, चेन्नई, मैंगलौर, तिरुवनंतपुरम, मैसूर, आदि में से किसी को भी निशाना बना सकते हैं। इस संबंध में कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु पुलिस को भी सतर्क कर दिया गया है।


Click it and Unblock the Notifications