पाकिस्तान में मस्जिद में विस्फोट, 40 मरे (लीड-2)
ऊपरी दीर जिले के प्रशासक अतीफ-उर-रहमान ने कहा, "नमाज अदा करने के लिए जुटे 40 लोगों की विस्फोट में मौत हो गई।"
ऊपरी दीर जिले की सीमा निचले दीर जिले से मिलती है। पाकिस्तानी सेना ने पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के इन दोनों जिलों के साथ ही स्वात में पिछले 42 दिनों से तालिबानी आतंकवादियों के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है।
जियो टीवी ने हालांकि मृतकों की संख्या 12 और घायलों की संख्या 40 बताई है। जियो टीवी के एक संवाददाता ने कहा कि एक आत्मघाती हमलावर को जब मस्जिद में प्रवेश करने से रोका गया तभी उसने विस्फोट कर दिया।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मृतकों के बारे में फिलहाल सही आंकड़ा नहीं बताया जा सकता क्योंकि संचार तंत्र ने काम करना बंद कर दिया है।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक विस्फोट प्रांत के ऊपरी दीर जिले में हयागी शार्की इलाके में स्थित मस्जिद में हुआ। उस वक्त शुक्रवार की नमाज के लिए भारी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे और मस्जिद ठसाठस भरी थी।
आज टेलीविजन चैनल की रिपोर्ट में कहा गया है मृतकों में 10 से 12 बच्चे भी शामिल हैं। विस्फोट की वजह से मस्जिद का कुछ भाग ढह गया है और आसपास की कुछ दुकानों को भी क्षति पहुंची है।
इस हमले की अब तक किसी भी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि तालिबानी आतंकवादियों ने पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत में पिछले कुछ सप्ताह में दर्जनों हमलों को अंजाम दिया है।
सरकार ने तालिबानी आतंकवादियों को स्वात और निचले दीर जिले से उखाड़ फेंकने के लिए महत्वपूर्ण सैन्य अभियान की शुरुआत की है जिससे तालिबानी आतंकवादी बौखलाए हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications