तटों की सुरक्षा के लिए भारत को हेलिकाप्टर देना चाहता है अमेरिका
पिछले साल नवंबर में मुंबई पर हुए आतंकवादी हमले को समुद्र के रास्ते से अंजाम दिए जाने के बाद भारत अपनी विशाल तटीय सीमा की सुरक्षा बढ़ाने के लिए लीज पर हेलीकाप्टर लेने पर विचार कर रहा है।
रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "अमेरिका ने समुद्री सीमा की निगरानी के लिए हमें कुछ हेलीकाप्टर लीज पर देने का प्रस्ताव दिया है। हम समुद्री सीमा की सुरक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते, लिहाजा हम इस प्रस्ताव पर विचार कर रहे हैं।"
अपनी विशालकाय समुद्री सीमा की निगरानी के लिए भारत को कम से कम 12 हेलीकाप्टरों की जरूरत है। इसके लिए घरेलू विमान निर्माण कंपनी हिंदुस्तान एरोनाटिक्स लिमिटेड (एचएएल) से भी मदद ली जा रही है।
अधिकारी ने बताया, "हमने एचएएल से इस साल के अंत तक कम से कम पांच हेलिकाप्टर मुहैया कराने को कहा है।"
गौरतलब है कि मुंबई पर हुए आतंकी हमले में 170 लोग मारे गए थे। इसके बाद सरकार ने समुद्री सीमा पर मुस्तैदी बढ़ाए जाने के लिए 12 डोनियर विमान खरीदने के मसौदे को हरी झंडी दे दी थी। ये विमान तटीय सुरक्षा बलों द्वारा उपयोग में लाए जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications