जियो टीवी पूर्वाग्रह से ग्रसित : अमेरिका
पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के मरदान इलाके में स्थित एक शरणार्थी शिविर का दौरा करने के बाद जियो टीवी को दिए साक्षात्कार में अमेरिका के विशेष दूत रिचर्ड होलब्रुक ने चैनल से कहा कि वह पाकिस्तानी नागरिकों को सच्चाई बताए कि वाशिंगटन विस्थापित लोगों को वित्तीय सहायता पहुंचा रहा है।
होलब्रुक ने कहा कि देश के पश्चिमोत्तर इलाके में सेना और आतंकवादियों के बीच छिड़ी लड़ाई में विस्थापित हुए लोगों की सबसे अधिक सहायता अमेरिका कर रहा है और जियो टीवी को इसे प्रकाश में लाना चाहिए।
होलब्रुक ने कहा, "जियो टीवी को अमेरिकी विरोधी रवैया नहीं अपनाना चाहिए और उसे लोगों को बताना चाहिए कि विस्थापितों की सहायता के लिए जितनी रकम जुटाई गई है उसमें 50 फीसदी से अधिक का योगदान अमेरिका का है।"
जियो टीवी के एक प्रवक्ता ने होलब्रुक के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चैनल लोगों तक सच्चाई पहुंचाने का काम कर रहा है। प्रवक्ता ने कहा कि यह आलोचना अनुचित है।
उल्लेखनीय है कि पश्चिमोत्तर पाकिस्तान में सेना और आतंकवादियों के बीच संघर्ष में लगभग 30 लाख लोग विस्थापित हो चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications