संत रामानंद का अंतिम संस्कार संपन्न

हज़ारों की संख्या में लोगों ने जालंधर के पास बल्लाँ में संत रामानंद को अंतिम विदाई दी.
कुछ दिनों पहले उनकी ऑस्ट्रिया की राजधानी विएना में हत्या कर दी गई थी जिसके बाद पंजाब में हिंसक प्रदर्शन हुए थे.
उनके शव को विशेष हेलीकॉप्टर से डेरा सचखंड के मुख्यालय में लाया गया.
वहाँ उनके अंतिम दर्शन के लिए आम लोगों के साथ-साथ कई वरिष्ठ नेता पहुँचे.
इनमें उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती, पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल और कांग्रेस के नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह शामिल थे.
उनके अंतिम संस्कार को देखते हुए सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए थे.
जालंधर के आस-पास ट्रैफ़िक जाम से बचने के लिए सरकारी और निजी बसों के रूट बदल दिए गए थे.
ऑस्ट्रिया पुलिस ने संत रामानंद की हत्या के मामले में संदेह के आधार पर कुछ लोगों को गिरफ़्तार किया है.
विएना के एक गुरुद्वारे में संत निरंजन दास और संत रामानंद को निशाना बनाकर हमला किया गया जिसमें रामानंद की मौत हो गई.
निरंजन दास हमले में घायल हो गए थे लेकिन वो स्वस्थ हैं और वो भी अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने पहुँचे.


Click it and Unblock the Notifications