सईद मामले पर दबाव बनाएगा भारत

भारत ने यह भी कहा कि आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई के लिए पाकिस्तान पर दबाव बढ़ाने के लिए वह अंतर्राष्ट्रीय समुदाय विशेषकर अमेरिका के संपर्क में हैं। पाकिस्तानी उच्चायुक्त शाहिद मलिक के साथ मुलाकात के बाद मेनन ने संवाददाताओं से कहा, "भारत ने सईद की रिहाई पर अपनी निराशा से पाकिस्तान को अवगत कराया।"
पाकिस्तानी उच्चायुक्त ने मेनन को मुंबई हमले के आरोपियों के खिलाफ पाकिस्तान सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी। उन्होंने भारत द्वारा मराठी में भेजे गए कुछ सबूतों का अंग्रेजी अनुवाद उपलब्ध कराने और उन्हें वापस भेजने का आग्रह भी दोहराया।
पाक भी करेगा सईद की रिहाई के खिलाफ अपील
मलिक ने कहा कि पाकिस्तानी सरकार सईद की रिहाई के फैसले के खिलाफ अपील करने के लिए कानूनी पहलुओं पर विचार कर रही है। मेनन ने कहा कि सईद की रिहाई के मामले पर भारत अंतर्राष्ट्रीय मित्रों के संपर्क में है।
भारत संयुक्त राष्ट्र पर चार अन्य पाकिस्तानी नागरिकों के नाम भी आतंकवादियों की सूची में डालने का दबाव बनाएगा। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के लिए अमेरिका के विशेष राजदूत रिचर्ड हॉलब्रुक ने समाचार चैनल जियो टीवी से बुधवार को कहा कि सईद की रिहाई से ओबामा प्रशासन परेशान है। भारत और अमेरिकी दबाव में पाकिस्तान ने कहा कि यदि हाफिज सईद की रिहाई में कुछ भी आपत्तिजनक पाया गया तो पाकिस्तान उपयुक्त कदम उठाएगा।
इससे पहले पाकिस्तान ने कहा कि मुंबई पर 26/11 के आतंकवादी हमलों के कथित साजिशकर्ता हाफिज सईद की रिहाई पर भारत का नजरिया गलत है और "सबसे बेहतर है कि एक न्यायालय के निर्णय पर टिप्पणी न की जाए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications