ओएएस में क्यूबा की वापसी का मार्ग प्रशस्त
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार दो दिन तक चली गहन बातचीत के बाद बुधवार को क्यूबा को दोबारा शामिल करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर इक्वोडोर के विदेश मंत्री फांडर फाल्कोनी ने कहा कि आज एक ऐतिहासिक गलती को सुधार लिया गया है।
सर्वसम्मति से लिए गए इस निर्णय के बावजूद संगठन में क्यूबा की वापसी स्वत: नहीं होगी। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक क्यूबा की संगठन में वापसी इस शर्त पर होगी कि उसे ओएएस के लोकतांत्रिक और मानवाधिकार समर्थक सिद्धांतों का पालन करना होगा।
सम्मेलन में भाग लेने आई अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा कि इससे क्यूबा के प्रति नई अमेरिकी नीति का अंदाजा मिलता है।
क्यूबा कह चुका है कि उसे इस संगठन में लौटने की कोई इच्छा नहीं है क्योंकि यह लातिन अमेरिका की अंदरूनी राजनीति में अमेरिकी दखल का जरिया बन चुका है।
उल्लेखनीय है कि फिदेल कास्त्रो के सत्ता में आने और क्यूबा को समाजवादी देश घोषित करने के बाद सन 1962 में ओएएस ने अमेरिका के दबाव में उसे संगठन से निलंबित कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications