दूसरों के लिए अपना आशियाना तुड़वाने को भी तैयार
भोपाल, 4 जून (आईएएनएस)। दुनिया में बहुत कम ऐसे लोग हैं जिन्हें दूसरों की परेशानी का एहसास होता है, मगर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक ऐसे सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी हैं जो यातायात में आड़े आ रहे अपने आशियाने को ही तुड़वाने के लिए तैयार हो गए हैं।
राजधानी में पुराने शहर के कमला पार्क इलाके में एक सड़क को चौड़ा किया जाना है। इसका जायजा लेने बुधवार को प्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री बाबू लाल गौर प्रशासनिक अमले के साथ निकले। उन्हें बताया गया कि इस मार्ग के चौड़ीकरण में सेवानिवृत्त तहसीलदार एस़ बी़ शर्मा का मकान बाधा उत्पन्न कर रहा है। शर्मा ने खुद मंत्री गौर की मौजूदगी में निरीक्षण अमले से मुलाकात कर अपने आठ कमरों वाले मकान को तोड़ने का प्रस्ताव रख दिया।
अपना मकान तुड़वाने के शर्मा के इस प्रस्ताव का उनकी दोनों बेटियों ने भी साथ दिया और कहा कि सड़क के चौड़ा हो जाने से यातायात सुगम हो जाएगा। दुर्घटनाओं की आशंका खत्म हो जाएगी और इसके साथ ही एक वैकल्पिक मार्ग भी वाहन चालकों को मिल जाएगा। शर्मा ने कहा कि वे विकास में बाधक बने अपने मकान को तुड़वाने के लिए स्वयं तैयार हैं।
शर्मा की यह पहल उन लोगों को आईना दिखा रही है जो सड़कों के किनारे नजूल की जमीन पर अतिक्रमण कर आवागमन में बाधक बनते हैं। मंत्री गौर ने सड़क किनारे और सरकारी जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटाने के भी निर्देश दिए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications