दिल्ली में वृद्धों के लिए बनेंगे 50 मनोरंजन केंद्र
वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए गठित की गई राज्य परिषद की तीसरी बैठक में मुख्यमंत्री ने गुरुवार को कहा कि राजधानी में ऐसे सैकड़ों वृद्ध दंपति एकाकी जीवन जीने पर मजबूर हो गए हैं। वे वृद्ध भी सम्मानपूर्वक जीवन बिता सकें इसके लिए 50 नए मनोरंजन केंद्र खोल जाएंगे। उन्होंने मनोरंजन केंद्रों की संचालन की राशि 15,000 से बढ़ाकर 20,000 करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए पहचान-पत्र प्रकिया को भी जारी रखने का आदेश दिया, जिससे सरकारी संस्थानों, स्टेशनों, अस्पतालों आदि में बेहतर सुविधा मिल सके। इस मौके पर दिल्ली समाज कल्याण मंत्री मंगतराम सिंघल, समाज कल्याण विभाग की सचिव देवाश्री, दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त केवल सिंह और अन्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में वरिष्ठ नागरिकों के लिए गठित राज्य परिषद की कार्य योजना को मंजूरी दी गई। बैठक में बताया गया कि समाजिक सुरक्षा दिलाने और आम लोगों में इसके प्रति जागरूकता लाने के लिए टीवी चैनलों पर टॉक शो समय-समय पर आयोजित किए जा रहे हैं। वृद्धों की स्वास्थ्य की देखभाल के लिए दिल्ली के 10 अस्पतालों में रविवार को विशेष कलीनिक भी चलाए जा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications