राष्ट्रपति अभिभाषण : आतंकवाद निरोधी केंद्र की स्थापना होगी
नई लोकसभा के गठन के बाद संसद के पहले सत्र में दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा, "प्रो-एक्टिव आतंकवाद निरोधी उपाय करने के लिए एक राष्ट्रीय आतंकवाद निरोधी केंद्र की स्थापना की जाएगी। विशेष बल एवं त्वरित कार्रवाई दल गठित किए जाएंगे और उन्हें संवेदनशील इलाकों में तैनात किया जाएगा।"
उन्होंने कहा, "सूचना के कारगर आदान-प्रदान तथा कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए बहु एजेंसी केंद्रों को सक्रिय किया जाएगा। राष्ट्रीय अन्वेषण एजेंसी को और सशक्त बनाया जाएगा। केंद्रीय और राज्य पुलिस बलों तथा सूचना एजेंसियों का विस्तार किया जाएगा। और उन्हें सर्वोत्तम प्रौद्योगिकी से पूरी तरह लैस किया जाएगा।"
राष्ट्रपति ने कहा, "पुलिस सुधार के लिए सरकार सक्रिय कार्रवाई करेगी और आंतरिक सुरक्षा में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सामुदायिक पुलिसिंग को प्रोत्साहित किया जाएगा। उत्तर-पूर्व तथा जम्मू एवं कश्मीर तथा देश के अन्य भागों में हिंसा फैलाने वाले समूहों को रचनात्मक कार्यों से जोड़ने का सरकार का प्रयास जारी रहेगा।"
उन्होंने कहा, "प्रत्येक नागरिक के लिए विशिष्ट पहचान पत्र स्कीम लागू करने का कार्य एक अधिकार प्राप्त समूह की निगरानी में तीन वर्षो में पूरा कर लिया जाएगा। इससे विकास कार्यो और सुरक्षा के लिए पहचान में मदद मिलेगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications