पहली तिमाही में बंबार्डियर का मुनाफा 31 फीसदी घटा
कंपनी ने इस कमी के लिए विभिन्न आर्डरों के रद्द होने को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उसे पहली तिमाही में 15.8 करोड़ डॉलर की आय हुई जबकि गत वित्त वर्ष की समान अवधि में उसे 22.9 अरब डॉलर की आय हुई थी।
कंपनी ने कहा कि समीक्षा अवधि के दौरान उसके राजस्व में भी कमी आई और वह 4.8 अरब डॉलर से घटकर 4.5 अरब डॉलर रह गया।
कंपनी के प्रमुख और मुख्य कार्यकारी अधिकारी पियरे बीउडोइन ने एक वक्तव्य में कहा, "दुनिया भर में फैली आर्थिक मंदी का असर हमारे तिमाही नतीजों पर भी पड़ा है।"
पहली तिमाही के दौरान कंपनी के 61 व्यापारिक विमानों के आर्डर रद्द हुए हालांकि इस दौरान उसे 20 व्यापारिक जेट और 50 व्यावसायिक विमानों के नए आर्डर मिले। पिछले वर्ष समान अवधि में कंपनी को 118 नए विमानों के आर्डर मिले थे।
उल्लेखनीय है कि रेल और मेट्रो परिवहन के क्षेत्र में भी काम करने वाली इस कंपनी ने दुनिया भर में 67,000 लोगों को रोजगार दे रखा है। दिल्ली मेट्रो के कोच बंबार्डियर ही बनाती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications