चीन का आस्ट्रेलिया में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह
पारितोष के. पराशर
मेलबर्न, 4 जून (आईएएनएस)। चीन द्वारा आस्ट्रेलिया में अध्ययनरत अपने छात्रों की सुरक्षा के प्रति चिंता जताने से वहां का 15.5 अरब डॉलर के विदेशी छात्रों का उद्योग कठिनाई में घिर गया है।
कई बड़े शहरों में भारतीय छात्रों पर हमलों की घटनाओं के बाद आस्ट्रेलियाई सरकार और विश्वविद्यालयों के प्रशासक क्षति की भरपाई की कोशिश में पहले से ही जुट चुके हैं।
अब चीनी वाणिज्य दूत के बयान से आस्ट्रेलिया की चिंताएं और बढ़ गईं हैं।
समाचार पत्र 'द आस्ट्रेलियन' ने बुधवार को लियु जिन के हवाले से कहा कि आस्ट्रेलिया में चीन के करीब 130,000 छात्र हैं। वैसे तो उन्हें आस्ट्रेलिया में अच्छी तालीम और माहौल मिल रहा है लेकिन हाल के वर्षो में चीनी छात्रों पर भी हमलों की घटनाएं हुई हैं।
चीन राजनयिक ने आशा जताई कि आस्ट्रेलिया सरकार चीन और अन्य देशों के छात्रों को बेहतर सुरक्षा उपलब्ध कराएगी।
उधर विश्वविद्यालयों के प्रमुखों ने आशंका जाहिर की है कि देश के तीसरे सबसे बड़े निर्यात क्षेत्र को दो सबसे बड़े स्रोतों भारत और चीन से प्रतिबंध का खतरा पैदा हो गया है।
आस्ट्रेलिया में विश्वविद्यालयों के अंतर्राष्ट्रीय मामलों के प्रमुख डेरिल ली ग्रेव ने एक बयान में कहा कि चीन और भारत को यह आश्वासन देने की आवश्यकता है कि समस्या से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
बुधवार को कई बैठकें हुई जिनमें राजनेता,अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा उपलब्ध कराने वाले, भारतीय समुदाय के नेता, छात्र प्रतिनिधि और पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठकों में भारतीय समुदाय के गुस्से को शांत करने का प्रयास किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications