अटलांटिक महासागर में विमान का मलबा मिला

सोमवार को 228 लोगों के साथ लापता हुए एयर फ्रांस के विमान का मलबा ब्राज़ील के पास समुद्र में मिल गया है. लेकिन इस बात को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई थी कि मलबा दुर्घटनाग्रस्त एयरबस का ही है. लेकिन अब ब्राज़ील के रक्षा मंत्री नेल्सन ज़ोबीं ने ज़ोर देकर कहा है कि मलबा एयर फ़्रांस के एयरबस का ही है.
एक संवाददाता सम्मेलन में ज़ोबीं ने कहा कि इस बात की संभावना नहीं के बराबर है कि विमान की सीटें और धातु के टुकड़े समुद्री लहरों द्वारा इधर-उधर से लाकर एक जगह एकत्रित किए गए हों. ब्राज़ीली वायु सेना के एक विमान द्वारा अटलांटिक महासागर में मिले मलबे के बारे में ज़ोबीं ने कहा, ''9785 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में से कुल पाँच किलोमीटर के क्षेत्र में सारा मलबा दिखा है. इस बात की पुष्टि हो चुकी है कि मलबा दुर्घटनाग्रस्त विमान का ही है.''
ब्राज़ील के रियो-डे-जनेरो से चले एयर फ़्रांस के विमान को सोमवार को पेरिस के शॉल-डे-गॉल हवाई अड्डे पर उतरना था. लेकिन चालक दल समेत कुल 228 यात्रियों को लेकर उड़े विमान से जब एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल का संपर्क टूटा तो वह तट से कई सौ किलोमीटर दूर अटलांटिक महासागर के ऊपर था.
एयर फ़्रांस के अधिकारियों का कहना है संभवत: बुरे मौसम की चपेट में आने के बाद विमान में कुछ ख़राबी आ गई थी. दो दिनों से जारी तलाश अभियान के बाद अंतत: आज उसके अटलांटिक महासागर में गिर जाने की पुष्टि की गई है. हालाँकि फ़्रांस के राष्ट्रपति निकोला सार्कोज़ी ने कल ही कहा था कि दुर्घटनाग्रस्त विमान पर सवार लोगों में से किसी के जीवित बचने की संभावना नहीं के बराबर है.
विमान का मार्ग
लेकिन ऐसा कैसे हुआ, इस बारे में तथ्य कम, अटकलें ज़्यादा हैं. एयर फ़्रांस के सूत्रों का कहना है कि विमान जब ब्राज़ील के रियो डे जनेरो से पेरिस के लिए रवाना हुआ तो सब कुछ ठीक था. विमान से अंतिम रेडियो संदेश उड़ान के तीन घंटे बाद का रिकॉर्ड किया गया था. इसके आधे घंटे बाद विमान बुरे मौसम की चपेट में आ गया.
एयर फ़्रांस के अधिकारियों को आशंका है कि शायद विमान पर बिजली गिरी हो, जिसके कारण उसकी विद्युत व्यवस्था में कोई ख़राबी आ गई हो. हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि खाली बिजली गिरने से विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की ज़्यादा आशंका नहीं होती है. फ़्रांस के अधिकारियों ने बताया है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान पर कुल 32 देशों के 216 यात्री और चालक दल के 12 सदस्य सवार थे.इनमें फ़्रांस के 61, ब्राज़ील के 58, जर्मनी के 26 और ब्रिटेन के पाँच नागरिक शामिल हैं.


Click it and Unblock the Notifications