अखिलेश यादव को मुलायम ने सौंपी उत्तर प्रदेश की कमान
लखनऊ में प्रदेश इकाई के प्रवक्ता राजेद्र चौधरी ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि बताया कि अखिलेश यादव को प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने का फैसला दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में आम सहमति से लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि सपा के गठन के बाद से ही पार्टी के वरिष्ठ नेता रामशरण दास पिछले कई वर्षो तक पार्टी की उत्तरप्रदेश इकाई के अध्यक्ष बने रहे। करीब दो साल पहले दास के अस्वस्थ होने पर मुलायम सिंह यादव के भाई शिवपाल सिंह यादव को प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया गया था। पिछले साल दास के निधन के बाद शिवपाल सिंह यादव प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार संभाल रहे थे।
शिवपाल यादव प्रदेश अध्यक्ष पद के साथ-साथ मैनपुरी से सांसद चुने जाने के बाद सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह के इस्तीफे से खाली विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष का पद भी संभाल रहे थे।
सपा सूत्रों के अनुसार पार्टी ने तय किया कि विपक्ष के नेता और प्रदेश अध्यक्ष के महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी एक व्यक्ति को सौंपे जाने के बजाय अलग अलग व्यक्तियों को दी जाए। इसके बाद अखिलेश यादव को अध्यक्ष बनाने के फैसला किया गया।
माना जा रहा है जिस तरह राहुल गांधी को आगे करके कांग्रेस युवा वर्ग के मतदाताओं को लुभाने में कामयाब रही है अब वही रणनीति सपा अखिलेश को आगे करके अपनाने जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications