लापता विमान का मलबा मिला: ब्राजील (लीड-1)
रियो डी जनेरियो, 3 जून (आईएएनएस)। ब्राजील ने इस बात की पुष्टि की है कि एयर फ्रांस के लापता यात्री विमान 'एयरबस 330-200' का मलबा अटलांटिक महासागर में पाया गया है।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक ब्राजील के रक्षा मंत्री नेल्सन जोबिम ने मंगलवार को बताया, "ब्राजीली वायुसेना के एक विमान ने पाया कि फर्नाडो डी नोरोन्हा द्वीप के पांच किलोमीटर से अधिक के क्षेत्र में लापता विमान का मलबा बिखरा हुआ था।"
जोबिम ने कहा कि विमान के मलबे में धातु के कुछ टुकड़े, तार, विमान का ढांचा और यात्रियों के सीट के कुछ हिस्से पाए गए। उन्होंने कहा, "इस क्षेत्र में जो चाजें पाई गई हैं उससे संकेत मिलता है कि विमान यहीं दुर्घटनाग्रस्त हुआ।"
ब्राजीलियाई रक्षा मंत्री ने मलबा मिलने का ऐलान करने से पहले विमान के यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के संबंधियों के इस बारे में खुद सूचना दी।
गौरतलब है कि यह विमान रियो डी जनेरियो से पेरिस के लिए उड़ान भरने के बाद सोमवार सुबह लापता हो गया था। इसमें 216 यात्री और चालक दल के 12 लोग सवार थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications