ब्लैक बाक्स खोजने के लिए ली जाएगी अवाक्स विमान की सहायता (लीड-2)
विमान के पाए गए मलबे में धातु के टुकड़े, तार, एक यात्री सीट और विमान के कुछ हिस्से शामिल हैं। फ्रांस ने कहा है कि विमान के ब्लैक बाक्स और फ्लाइट डाटा रिकार्डर का पता लगाने के लिए अवाक्स विमान की सहायता ली जाएगी।
फ्रांसीसी सेना के वरिष्ठ अधिकारी कैप्टन क्रिस्टोफ प्राजुक ने बुधवार को कहा कि आने वाले हफ्तों में विमान के मलबे की खोज के लिए पनडुब्बियों को तैनात करने से पहले व्यापारी जहाज और नौसेना के पोत सतह पर तैरते मलबे को एकत्र करेंगे।
मलबे को ब्राजीली वायुसेना के विमानों ने मंगलवार को फर्नाडो डी नोरोन्हा द्वीप से करीब 640 किलोमीटर दूर देखा। मलबे के पाए जाने के बाद से ही फ्रांस के जांच और विश्लेषण कार्यालय (बीईए) के दो अधिकारी ब्राजील में हैं। बीईए ब्राजील की जांच एजेंसी सीईएनआईपीए के सहयोग से जांच को आगे बढ़ाएगी।
इससे पहले ब्राजील के रक्षामंत्री नेल्सन जोबिम ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं कि पाया गया मलबा एयर फ्रांस के विमान का है। जोबिम ने मंगलवार को बताया, "ब्राजीली वायुसेना के एक विमान ने पाया कि फर्नाडो डी नोरोन्हा द्वीप के पांच किलोमीटर से अधिक के क्षेत्र में लापता विमान का मलबा बिखरा हुआ था।"
जोबिम ने कहा कि विमान के मलबे में धातु के कुछ टुकड़े, तार, विमान का ढांचा और यात्रियों के सीट के कुछ हिस्से पाए गए। उन्होंने कहा, "इस क्षेत्र में जो चीजें पाई गई हैं उससे संकेत मिलता है कि विमान यहीं दुर्घटनाग्रस्त हुआ।"
देश में मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए नोट्रेडम कैथ्रेडल में शोकसभा का आयोजन किया गया है। कैथ्रेडल में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी और सरकार के अन्य सदस्यों के उपस्थित रहने की उम्मीद है।
उधर ब्राजील की सरकार ने भी मृतकों के सम्मान में तीन दिन के शोक की घोषणा की है। मारे गए 228 लोगों में 72 फ्रांस , 60 ब्राजील और 26 जर्मनी के नागरिक थे।
गौरतलब है कि यह विमान रियो डी जनेरियो से पेरिस के लिए उड़ान भरने के बाद सोमवार सुबह लापता हो गया था। इसमें 216 यात्री और चालक दल के 12 लोग सवार थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications