सदन की गरिमा व सदस्यों के सम्मान में कोई कमी नहीं आने दूंगी : मीरा (लीड-2)

अध्यक्ष पद पर अपने निर्वाचन के बाद सदन में अपने पहले संबोधन में मीरा कुमार ने कहा कि सदन की गरिमा और सदस्यों के सम्मान को बरकरार रखने में वह कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगी। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को आश्वस्त भी किया कि वह न तो विपक्ष के प्रति कोई पक्षपात करेंगी और न ही सत्ता पक्ष को शिकायत का मौका देंगी।

उन्होंने कहा, "विभिन्न राजनीतिक सिद्धांतों और उनके संबंधों से ऊपर उठकर भारतीय संविधान, नियमों और परम्पराओं के मुताबिक सदन की सेवा मेरा प्रमुख कर्तव्य है।यह मेरी दृढ़ प्रतिज्ञा है कि मैं सभा की गरिमा और सदस्यों के सम्मान में कोई कमी नहीं आने दूंगी। इस बहुमूल्य विरासत को और समृद्ध करने के लिए मैं नई पहल और बेहतर पद्धतियों की खोज जारी रखूंगी।"

मीरा कुमार ने कहा, "मैं आपको आश्वस्त करना चाहती हूं कि सदन के सभी वर्गो पर मेरा पूरा ध्यान रहेगा। मैं यह भी आश्वस्त करना चाहती हूं कि न विपक्ष के प्रति कोई पक्षपात करूंगी और न ही सतापक्ष को शिकायत का कोई मौका दूंगी।"

अपने निर्वाचन को अभूतपूर्व और ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने कहा, "आज जो हुआ, वह अभूतपूर्व है। इस सदन ने 57 वर्ष के अपने सुदीर्घ जीवन में पहली बार एक महिला को अध्यक्ष पद पर आसीन कर एक नया इतिहास रचा है। एक उज्जवल कीर्तिमान स्थापित किया है।"

उन्होंने कहा, "हम चर्चा और वाद-विवाद करें। आवश्यक हो तो अपनी असहमति भी व्यक्त करें, परंतु शालीन तरीके से और सदन की कार्यवाही में बाधा डाले बिना। सदस्यों को जनहित की समस्याओं और चिंताओं को सदन में प्रस्तुत करने के लिए विभिन्न तरीके सुलभ हैं। यदि हम उन तरीकों का प्रभावशाली ढंग से उपयोग करें तो हम इस सदन को विचार विमर्श का सार्थक मंच बना सकते हैं।"

बाद में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कुमार ने कहा, "लोकसभाध्यक्ष के पद पर किसी महिला का निर्वाचित होना एक ऐतिहासिक फैसला है। इस महान और जीवंत लोकतंत्र में पहली महिला स्पीकर के रूप में चुने जाने पर मैं अत्यंत सम्मानित अनुभव कर रही हूं। मेरा प्रयास रहेगा कि मैं पूरी तरह से निष्पक्ष रहूं और सदन के सभी सदस्यों को अपने विचार व्यक्त करने का समान अवसर दूं।"

उन्होंने कहा, "सभी दलों के नेताओं ने मुझे सहयोग देने का वादा किया है। मैं भी उन्हें आश्वस्त करना चाहती हूं कि उन्हें भी मेरा भरपूर सहयोग मिलेगा। मैं जिस पद पर आसीन हुई हूं, मैं कोशिश करूंगी कि अगले पांच सालों तक उसकी गरिमा व मर्यादा को बनाए रखूं।"

उन्होंने कहा, "लोकसभा अध्यक्ष के पद पर एक महिला का निर्वाचित होना सिर्फ सांकेतिक नहीं है बल्कि यह दर्शाता है कि देश में महिलाएं सशक्त हो रही हैं और उन्हें सशक्त करने के लिए कदम भी उठाए जा रहे हैं। इस बार लोकसभा में भी सर्वाधिक 58 महिलाएं चुनकर आई हैं।"

कुमार ने कहा, "इस बार भारी संख्या में युवा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे हैं। मेरी कोशिश होगी कि मैं युवाओं को अपनी बात रखने का अधिक से अधिक मौका दूं।"

मीडियाकर्मियों को उन्होंने सुझाव दिया कि वे लोकसभा में होने वाले व्यवधानों को ही सिर्फ खबरों के रूप में न पेश करें बल्कि अन्य महत्वपूर्ण विधायी कार्यो को भी प्रमुखता से स्थान दें।

यह पूछे जाने पर कि चौदहवीं लोकसभा में सांसदों ने सदन की कार्यवाही में बहुत बाधा डाली थी और उसकी बैठकें भी बहुत कम हुई थी, इसके जवाब में उन्होंने कहा, "विद्यमान परिस्थितियों में मैं भरपूर प्रयास करूंगी कि सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चले। इसके लिए क्या किया जाना चाहिए, इस पर मैं विचार करूंगी। मैं प्रयास करूंगी कि लोकसभा की अधिक से अधिक बैठकें हो। इसके लिए सभी दलों से बात करूंगी ताकि सरकारी खजाना फिजूल में न खर्च हो और समय की बर्बादी न हो।"

दागी सांसदों के बारे में अपनी राय व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, "दागी सांसद न चुने जाएं, यह हम सभी के लिए अच्छा होगा। चुनाव आयोग ने इस संबंध में काफी सुधार किया है। आखिरकार जनता ही ऐसे लोगों को चुनती है।"

इससे पहले बुधवार सुबह जब सदन की कार्यवाही आरंभ हुई तो उन सांसदों ने पद की शपथ ली जिन्होंने शपथ नहीं ली थी। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मीरा कुमार को लोकसभा का अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव रखा। लोकसभा में सदन के नेता प्रणब मुखर्जी ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया।

विपक्ष की ओर से नेता प्रतिपक्ष लालकृष्ण आडवाणी ने यह प्रस्ताव रखा जिसका कि सुषमा स्वराज ने समर्थन किया। अंततोगत्वा मीरा कुमार को लोकसभा का अध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री और विपक्ष के नेता उठ कर मीरा कुमार के पास गए और उन्हें अध्यक्ष की आसंदी तक ले गए।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+