फ्रांस ने विमान दुर्घटना की औपचारिक जांच आरंभ की
बुधवार देर कैथ्रेडल में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी और सरकार के अन्य सदस्यों के उपस्थित रहने की उम्मीद है।
अटलांटिक महासागर में पाए गए मलबे के एयरबस ए330-200 के टुकड़े होने की पुष्टि के बाद दुर्घटना के कारणों की औपचारिक जांच आरंभ हुई है।
इससे पहले ब्राजील के रक्षामंत्री नेल्सन जोबिम ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं कि पाया गया मलबा एयर फ्रांस के विमान का है जो सोमवार को रियो डी जनेरियो से पेरिस के लिए रवाना हुआ था।
पाए गए मलबे में धातु के टुकड़े, तार, एक यात्री सीट और विमान के कुछ हिस्से शामिल हैं। मलबे को ब्राजीली वायुसेना के विमानों ने मंगलवार को फर्नाडो डी नोरोन्हा द्वीप से करीब 640 किलोमीटर दूर देखा।
मलबे के पाए जाने के बाद से ही फ्रांस के जांच और विश्लेषण कार्यालय (बीईए) के दो अधिकारी ब्राजील में हैं। बीईए ब्राजील की जांच एजेंसी सीईएनआईपीए के सहयोग से जांच को आगे बढ़ाएगी।
फ्रांसीसी सेना के वरिष्ठ अधिकारी कैप्टन क्रिस्टोफ प्राजुक ने बुधवार को कहा कि आने वाले हफ्तों में विमान के मलबे की खोज के लिए पनडुब्बियों को तैनात करने से पहले व्यापारी जहाज और नौसेना के पोत सतह पर तैरते मलबे को एकत्र करेंगे।
उन्होंने कहा कि विमान के ब्लैक बाक्स और फ्लाइट डाटा रिकार्डर का पता लगाने के लिए अवाक्स विमान की भी सहायता ली जाएगी।
उधर ब्राजील की सरकार ने भी मृतकों के सम्मान में तीन दिन के शोक की घोषणा की है। मारे गए 228 लोगों में 72 फ्रांस , 60 ब्राजील और 26 जर्मनी के नागरिक थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications