गिरकर बंद हुए शेयर बाजार (राउंडअप)
बीएसई सेंसेक्स ने बुधवार सुबह तेजी के साथ शुरुआत की और पहले 10 मिनट के कारोबार में ही वह 15,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से ऊपर निकल गया हालांकि वह ज्यादा देर तक इस स्तर को बरकरार नहीं रख सका।
उतारचढ़ाव से भरे बुधवार के कारोबार के दौरान दैनिक उपयोग की उपभोक्ता वस्तुओं, पूंजीगत वस्तुओं आदि सेक्टरों के सूचकांकों में तेजी आई जबकि बैंकिंग, सूचना प्रौद्योगिकी और तेल एवं गैस आदि सेक्टरों के सूचकांकों में गिरावट दर्ज की गई।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स ने बुधवार को पिछले बंद के मुकाबले 21.71 अंकों की बढ़त के साथ 14,902.62 के स्तर पर कारोबार शुरू किया।
दिन के कारोबार के दौरान 15,000 का मनोवैज्ञानिक स्तर छूने वाला सेंसेक्स कारोबार के अंत में 4.01 अंक नीचे 14,870.90 के स्तर पर था। सेंसेक्स ने बुधवार को 14,733.59 के निचले और 15,046.43 के ऊपरी स्तर पर कारोबार किया।
बीएसई सेंसेक्स में आज हिंडाल्को, आईटीसी लिमिटेड और जयप्रकाश एसोसिएटस के शेयरों की कीमतों में सबसे अधिक तेजी आई जबकि महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंफोसिस तथा भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों की कीमतों में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई।
बीएसई मिडकैप व स्मालकैप सूचकांकों में बढ़त दर्ज की गई। मिडकैप सूचकांक 78.86 अंकों की तेजी के साथ 5,325.54 पर और स्मालकैप सूचकांक 131.94 अंकों की बढ़त के साथ 6,384.92 के स्तर पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी पिछले बंद के मुकाबले बुधवार को 0.25 अंक की तेजी के साथ 4,525.50 के स्तर पर खुला। कारोबार के खत्म होते वक्त निफ्टी 5.45 अंक नीचे 4,530.70 के स्तर पर था। निफ्टी ने दिन के दौरान 4,478.60 के निचले और 4,574.90 के ऊपरी स्तर पर कारोबार किया।
बीएसई सेंसेक्स में बुधवार को कारोबार का रुख सकारात्मक रहा। यहां सूचीबद्ध 2,016 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में तेजी आई जबकि 792 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications