सईद की रिहाई पर भारत का नजरिया गलत : पाकिस्तान
भारतीय विदेश मंत्रालय से जारी एक बयान पर प्रतिक्रिया जताते हुए पाकिस्तानी विदेश कार्यालय के प्रवक्ता अब्दुल बासित ने कहा,"वहां जताया गया रुख गलत है। सबसे अच्छा है कि एक न्यायालय के फैसले पर टिप्पणी न की जाए।"
उन्होंने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान सरकार राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय कानूनों के तहत अपनी जिम्मेदारी से पूरी तरह वाकिफ है।
मुंबई हमले की जांच में पाकिस्तान द्वारा दिखाई गई पूर्ण ईमानदारी और प्रतिबद्धता का हवाला देते हुए बयान में कहा गया कि भारतीय अधिकारियों से सबूतों का अंग्रेजी अनुवाद उपलब्ध कराने को कहा गया था, जिसे 20 मई को पाकिस्तान के हवाले किया गया।
बयान में आगे कहा गया कि बहस और बेवजह के कटाक्ष नागरिक समाज में न्याय को आगे नहीं बढ़ा सकते। कानूनी प्रक्रिया में निश्चित रूप से हस्तक्षेप नहीं किया जाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि लाहौर उच्च न्यायालय ने मंगलवार को सबूतों के अभाव में लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक और मुंबई हमले के प्रमुख आरोपी हाफिज सईद को नजरबंदी से रिहा करने का आदेश दिया। भारत ने सईद की रिहाई पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications