तालिबान ने 400 छात्रों को अगवा किया

पाकिस्तान के उत्तरी वज़ीरिस्तान प्रांत में पुलिस का कहना है कि अफ़गानिस्तान से लगी सीमा के पास लगभग 400 छात्रों को अगवा कर लिया है। अपुष्ट ख़बरों के अनुसार तालिबान के संदिग्ध चरमपंथियों ने बड़ी संख्या में छात्रों, शिक्षकों और उनके परिवार के सदस्यों को अगवा कर लिया है.
अफ़गानिस्तान से लगी सीमा के नज़दीक यह घटना हुई है और इलाक़े के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी इस बारे में अधिक जानकारी नहीं मिल सकी है. प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि उत्तरी वज़ीरिस्तान में चरमपंथियों ने रज़मक कैडेट कॉलेज के सैकड़ों लोगों को इलाक़ा छोड़ने की चेतावनी दी थी.
चेतावनी के बाद सैकड़ों की संख्या में लोग एक क़ाफिले में निकले लेकिन उनकी गाड़ियों को हथियारबंद लोगों ने रोक लिया. पुलिस के अनुसार रज़मक कैडेट कॉलेज से क़रीब 30 बसें छात्रों को लेकर निकली थीं लेकिन उसमें से मात्र दो बसें ही गंतव्य पर पहुंच पाई हैं.
एएफपी संवाद समिति ने स्थानीय पुलिस प्रमुख इक़बाल मरवत के हवाले से कहा है, '' दो मिनी बसें 25 छात्रों को लेकर बन्नू पहुंची हैं. हम बाकी छात्रों के बारे में जांच कर रहे हैं. '' पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से कह रही है कि बड़ी संख्या में लोगों को अगवा किया गया है.
जब हथियारबंद लोगों ने बसों के काफ़िले को रोका तो उसमें से कुछ लोग बच निकले. इन लोगों के अनुसार बड़ी संख्या में लोगों को चरमपंथी अपने साथ ले गए. पेशावर से बीबीसी उर्दू संवाददाता दिलावर खान वज़ीर का कहना है कि कम से कम चार सौ लोगों को अगवा किया गया है. हालांकि इस बारे में अलग अलग ख़बरें आ रही हैं.
इस्लामाबाद से बीबीसी संवाददाता क्रिस मॉरिस का कहना है कि चरमपंथी स्वात में चल रही सैन्य कार्रवाई से सेना का ध्यान हटाने के लिए ऐसा कुछ कर सकते हैं. स्वात घाटी में सैन्य कार्रवाई के बाद पाकिस्तान के कई इलाक़ों में तालिबान के हमलों की संभावना बढ़ गई है.
चरमपंथियों ने पिछले दिनों लाहौर शहर में बड़ा आत्मघाती विस्फ़ोट भी किया था और आने वाले दिनों में और धमाके करने की चेतावनी दी है.इस बीच स्वात घाटी के मिंगोरा शहर में अभी भी सेना तालिबान लड़ाकों के ख़िलाफ़ कार्रवाई कर रही है. पिछले छह हफ्ते से चल रही लड़ाई में अब तक 1200 चरमपंथी और 90 सैनिक मारे जा चुके हैं. इस लड़ाई में अब तक 25 लाख से अधिक लोग यह इलाक़ा छोड़ने पर बाध्य हुए हैं.


Click it and Unblock the Notifications