'हाफिज को बरी किए जाने से मुंबई हमले की सुनवाई पर असर नहीं'
मुंबई, 2 जून (आईएएनएस)। लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद को पाकिस्तान में रिहा कर दिए जाने पर विशेष लोक अभियोजक उज्जवल निकम ने कहा कि इससे मुंबई हमले की सुनवाई पर फर्क नहीं पड़ेगा।
निकम ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मुंबई हमले में गिरफ्तार किए गए एकमात्र पाकिस्तानी आतंकवादी अजमल आमिर कसाब ने अपने इकबालिया बयान में न केवल हाफिज सईद का नाम लिया है वरन मुंबई आतंकी हमले में लश्कर प्रमुख की भूमिका का भी खुलासा किया है।
निकम ने कहा कि मुंबई हमले के मामले में मुंबई पुलिस द्वारा दाखिल 11 हजार पन्ने के आरोप पत्र में आरोपी के रूप में सईद के नाम का जिक्र है।
निकम ने कहा कि सईद इस मामले में मुख्य आरोपियों में से एक है जिसने अन्य आरोपियों के साथ इस हमले का षडयंत्र रचा।
निकम ने कहा कि विशेष अदालत में अभियोजन पक्ष ने सईद के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी करने की मांग की है जिस पर अदालत ने अभी निर्णय नहीं दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications