पाकिस्तानी सेना ने अगवा प्रशिक्षुओं को मुक्त कराया (लीड-1)
इस्लामाबाद, 2 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने मंगलवार तड़के अपहृत पुलिस प्रशिक्षुओं और अन्य व्यक्तियों को संदिग्ध आतंकवादियों के चंगुल से मुक्त करा लिया। इन सभी को अफगानिस्तान की सीमा के करीब के कबायली क्षेत्र से सोमवार को अगवा किया गया था।
समाचार एजेंसी डीपीए ने सेना के हवाले से बताया कि सेना के एक कॉलेज के इन छात्रों और स्टाफ के सदस्यों को गारयुम इलाके में भीषण लड़ाई के बाद छुड़ाया जा सका।
यह इलाका उत्तरी वजीरिस्तान के रजमाक कस्बे के निकट स्थित है जिसे अल कायदा और तालिबान आतंकवादियों का गढ़ माना जाता है।
सेना के एक प्रवक्ता ने बताया, "रजमाक कैडेट कॉलेज के 71 कैडेट और उसके स्टाफ के नौ सदस्यों को मुक्त करा लिया गया।"
प्रवक्ता के मुताबिक आतंकवादी कैडेटों को उत्तरी वजीरिस्तान से दक्षिणी वजीरिस्तान ले जाने का प्रयास कर रहे थे, तभी उन्हें मुक्त करा लिया गया।
अभी यह पता नहीं चल सका है कि बचाव अभियान में कोई हताहत हुआ है अथवा नहीं।
कैडेटों और स्टाफ के सदस्यों को सोमवार को उस समय अगवा किया गया था जब उनका काफिला रजमाक कस्बे से पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के बन्नू कस्बे की ओर जा रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications