प्रधानमंत्री का आश्वासन, मप्र को राज्य की खदानों से ही मिलेगा कोयला
मध्यप्रदेश सरकार के सूत्रों के मुताबिक चौहान ने मनमोहन सिंह को उनके दिल्ली स्थित निवास पर पहुंचकर पुन: प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी और प्रदेश के विकास के मुद्दे पर चर्चा की। चौहान ने कोयले के आयात में होने वाली परेशानियों को लेकर पूर्व में लिखे गए खतों का हवाला देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की खदानों से कोयला दूसरे राज्यों को भेजा जा रहा है वहीं मध्य प्रदेश को कोयला आयात करना पड़ रहा है। राज्य की सीमा से बंदरगाह दूर होने के कारण कोयले का आयात करना काफी महंगा पड़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि मध्य प्रदेश को राज्य की ही खदानों से कोयला उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने इस मौके पर मौजूद अधिकारियों को भी समस्या के निदान के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। चौहान ने प्रधानमंत्री को भी आश्वस्त किया कि राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों और विकास के मामले में मध्य प्रदेश पूरी तरह उनके साथ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications