विएना में रामानंद को श्रद्धांजलि देने के लिए जुटे उनके अनुयायी
विएना, 2 जून (आईएएनएस)। संत रविदास द्वारा शुरू किए गए धार्मिक पंथ को मानने वाले लगभग 500 अनुयायी पिछले महीने यहां के एक गुरुद्वारे में हुई गोलीबारी में मारे गए डेरा सच्च खंड के नेता संत रामानंद को श्रद्धांजलि देने के लिए आस्ट्रिया की राजधानी में एकत्रित हुए।
रामानंद की हत्या के बाद भारत के पंजाब प्रांत में जबरदस्त हिंसा का दौर शुरू हो गया था। इस कारण कई शहरों में तक कर्फ्यू लगाना पड़ा था।
रामानंद की अस्थियां भारत भेजे जाने की तैयारी हो चुकी है लेकिन उससे पहले उनके अनुयायियों की विशेष मांग पर रामानंद का पार्थिव शरीर विएना के मुख्य शमशान पर उनके अनुयायियों के दर्शनार्थ रखा गया। रामानंद का अंतिम-संस्कार विएना में ही किया जाना है।
रामानंद को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा की जबरदस्त व्यवस्था थी। आस्ट्रिया के आतंकवाद निरोधी दस्ते के साथ-साथ पुलिस ने उस स्थान को घेर रखा था। विएना के रविदास गुरुद्वारे के अध्यक्ष सोम देव ने बताया, "इटली, फ्रांस, जर्मनी, स्पेन और लंदन से रामानंद के अनुयायी यहां पहुंचे। सबने अपने प्रिय धार्मिक नेता के पार्थिव शरीर के दर्शन किए।"
रामानंद की 24 मई को 14वीं शताब्दी के भारतीय संत गुरु रविदास के अनुयायियों द्वारा संचालित एक स्थानीय गुरुद्वारे में हत्या कर दी गई थी। गुरुद्वारे में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने अंधाधुंध गोली चलाई थी, जिसके कारण रामानंद की मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications