आस्ट्रेलिया में एक और भारतीय छात्र पर हमला
मेलबर्न, 2 जून (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया में हमलावरों की सिगरेट और पैसे की मांग पूरी करने से इंकार करने पर एक और भारतीय छात्र को निशाना बनाया गया है। छात्र पर चाकू से हमला किया गया। इसके साथ ही यहां तीन हफ्तों में हमलों का शिकार होने वाले भारतीय छात्रों की संख्या बढ़कर 6 हो गई।
पीड़ित की पहचान 21 वर्षीय सिंह के रूप में की गई है। समाचार पत्र 'द एज' के अनुसार चिश्लोम कॉलेज डेंडनोंग के छात्र सिंह को कुछ लोगों ने रोककर उससे सिगरेट और पैसों की मांग की। इंकार करने पर उनमें से एक ने छात्र पर चाकू से हमला किया।
विक्टोरिया पुलिस की प्रवक्ता ने बताया कि सिंह पर यह हमला मंगलवार 1.30 बजे उस समय हुआ जब वह कॉलेज से निकल रहा था। तभी पार्किं ग स्थल के समीप पांच व्यक्तियों ने उसे रोककर उससे सिगरेट और पैसे मांगे। पुलिस ने बताया कि छात्र ने हमलावरों से कहा कि वह सिगरेट नहीं पीता, इस पर उन्होंने पैसों की मांग रख दी। छात्र के इंकार करने पर उसकी छाती पर चाकू से वार किया गया।
प्रवक्ता ने बताया कि चोट मामूली है और छात्र को अस्पताल ले जाने की नौबत नहीं आई।
30मई को आशीष सूद नाम के छात्र के साथ मारपीट की गई थी। उसे गंभीर चोटे आने की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उसे अस्पताल में छुट्टी दे दी गई।
इससे पहले भारतीय छात्रों को निशाना बनाने की चार घटनाएं हुई थीं। श्रवण कुमार नाम के 25 वर्षीय भारतीय छात्र पर हमलावरों ने कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणी की और पेचकस ने वार किया। बलजिंदर सिंह नाम के एक अन्य छात्र के साथ लूटपाट के बाद उसे चाकू घोंप दिया गया।
21 वर्षीय सौरभ शर्मा पर किए गए हमले में उसकी गाल की हड्डी और एक दांत टूट गया था। सिडनी में राजेश कुमार नाम के छात्र पर पेट्रोल बम से हमला किया गया जिससे वह 30 प्रतिशत जल गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications