लोकसभा उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने करिया मुंडा को नामित किया (लीड-1)
भाजपा संसदीय बोर्ड की मंगलवार सुबह हई बैठक में मुंडा को लोकसभा के उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकित करने का फैसला किया गया। उल्लेखनीय है कि संसदीय परम्पराओं को निभाते हुए कांग्रेस ने लोकसभा उपाध्यक्ष का पद प्रमुख विपक्षी पार्टी को देने की घोषणा की थी।
संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए भाजपा महासचिव अरुण जेटली ने कहा, "पार्टी की संसदीय बोर्ड ने करिया मुंडा को लोकसभा के उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकित करने का फैसला किया है। उनके लंबे संसदीय अनुभव को देखते हुए हमने यह फैसला किया है।"
कांग्रेस द्वारा मीरा कुमार के रूप में एक दलित महिला को लोकसभा अध्यक्ष बनाए जाने के बाद भाजपा ने एक जनजातीय नेता को लोकसभा उपाध्यक्ष के पद पर बिठाने का फैसला किया।
पार्टी ने इस पद के लिए इससे पहले इंदौर की सांसद सुमित्रा महाजन का नाम तय किया था लेकिन कांग्रेस द्वारा एक दलित महिला को अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा के बाद भाजपा को अपनी रणनीति बदलनी पड़ी।
उल्लेखनीय है कि मुंडा झारखंड में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शुमार किए जाते हैं। 72 वर्षीय मुंडा इस दफा छठी बार लोकसभा में चुनकर आए हैं। मौजूदा लोकसभा में वह झारखंड के खूंटी संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई और अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में वह मंत्री भी रह चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications