एयर फ्रांस के लापता विमान की तलाश जारी (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक ब्राजील की टीएएम विमान सेवा के एक विमान चालक ने सोमवार को अटलांटिक महासागर के ऊपर से गुजरते समय संभवत: एयर फ्रांस के लापता विमान का जलता हुआ टुकड़ा देखा था।
ब्राजीली वायुसेना ने सोमवार को देर रात इस बात की पुष्टि की थी कि विमान चालक ने अटलांटिक महासागर के बीचों बीच 'नारंगी रंग के धब्बे' देखे थे। पर्यवेक्षणों के मुताबिक यह लगभग वही समय था जब एयर फ्रांस 447 विमान रडार पर से गायब हुआ।
सोमवार को लापता हुए इस विमान में चालक दल के सदस्यों सहित 32 देशों के 228 लोग सवार थे। इस एयरबस ए 330-200 ने रियो डी जनेरियो से पेरिस के लिए उड़ान भरी थी।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी ने भी पेरिस में कहा कि विमान में किसी के बचने की संभावनाएं नगण्य हैं। उन्होंने कहा कि फ्रांसीसी सरकार ने अमेरिका से मदद मांगी है ताकि उनके उपग्रहों की सहायता से हादसे की जगह का पता लगाया जा सके।
ब्राजील और फ्रांस के खोजी विमान ब्राजील और पश्चिमी अफ्रीका के बीच के समुद्री इलाके में विमान का मलबा तलाशने की कोशिश कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications