15 वीं लोकसभा का पहला सत्र आज

भारत में पंद्रहवी लोकसभा का पहला सत्र सोमवार को शुरु हो रहा है जहां नए सांसदों के शपथ ग्रहण के बाद स्पीकर का चयन किया जाएगा. स्पीकर के तौर पर मीरा कुमार के नाम पर कांग्रेस पार्टी में सहमति बन चुकी है और देर रात ख़बरें थीं कि मीरा कुमार ने मंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.
अगर मीरा कुमार इस पद पर चुनी जाती हैं तो वो लोकसभा की पहली महिला स्पीकर होंगी. ख़बरों के अनुसार कांग्रेस ने मीरा कुमार को स्पीकर बनाए जाने के बारे में मुख्य विपक्षी दल बीजेपी को भी जानकारी दी है. पिछले लोकसभा में गठबंधन के कारण लोकसभा स्पीकर का पद वाम दलों को मिला था. इस बार लोकसभा में कांग्रेस की सीटें भी अधिक हैं और गठबंधन पहले से सुदृढ़ भी.
परंपरा के अनुसार डिप्टी स्पीकर का पद विपक्ष को दिया जाना है. हालांकि इस बारे में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच औपचारिक वार्ताओं सांसदों के शपथ ग्रहण के बाद शुरु होंगी लेकिन कांग्रेस ने बीजेपी से कहा है कि डिप्टी स्पीकर बीजेपी से हो.
पहले सत्र में लोकसभा की मात्र सात बैठकें होंगी जबकि राज्यसभा का सत्र चार जून से शुरु होगा. इस सत्र में राष्ट्रपति का अभिभाषण होगा जिसके बाद धन्यवाद प्रस्ताव पास किया जाएगा. जब तक लोकसभा के अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो जाता है तब तक सदन की कार्यवाही चलाने के लिए राष्ट्रपति ने नौ बार से लोकसभा सांसद रहे मानिक राव गवित को प्रोटेम-स्पीकर चुना है.
राष्ट्रपति ने नए सांसदों को शपथ दिलाने के लिए चार वरिष्ठ नेताओं की टीम भी बनाई है जिसमें सीपीएम के वासुदेव आचार्य, बीजेडी के अर्जुन सेठी, कांग्रेस के बीरेन सिंह एंगटी और बीजेपी की सुमित्रा महाजन है.
लोकसभा मे सबसे पहले कांग्रेस नेता प्रणब मुखर्जी शपथ लेंगे जिसके बाद विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी शपथ ग्रहण करेंगे. संसद का यह सत्र नौ जून को समाप्त होगा जिसके बाद जून के अंत में बजट सत्र का आह्वान किया जाएगा.


Click it and Unblock the Notifications