छिंदवाडा में दूषित पानी पीने से 2 की मौत 215 बीमार
जानकारी के मुताबिक जिले के हर्रई विकास खंड के धनौरा गांव में जनजातीय समाज के आराध्य पावा बाबा का मंदिर है जहां रविवार को धार्मिक अनुष्ठान और भंडारे का आयोजन किया गया था। इस आयोजन में शामिल लोगों ने पावा बाबा मंदिर में बने कुंड के पानी का सेवन किया जिसके बाद भारी संख्या में लोगों की तबीयत खराब हो गई।
अमरवाड़ा के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) फरहतुल्ला ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि कुंड का पानी दूषित था। इसका सेवन करने से एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई । इसके अलावा 215 लोग बीमार हो गए जिन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डा़ ज़े एस़ गोगिया के मुताबिक 80 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है जबकि शेष 135 बीमारों का उपचार जारी है।
फरहतुल्ला के मुताबिक वे ही लोग बीमार हुए जिन्होंने कुंड का पानी पिया। उन्होंने बताया कि पूर्व में इस धार्मिक स्थल में ज्यादा लोग नहीं आते थे मगर रविवार को भीड़ कुछ ज्यादा हुई और लोगों ने कुंड का पानी पी लिया। हैंडपंप का पानी पीने वालों को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications