कांग्रेस को महाराष्ट्र में अकेले चुनाव लड़ना चाहिए : विलासराव
मुंबई, 1 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय भारी उद्योग व लोक उपक्रम मंत्री विलासराव देशमुख ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस को महाराष्ट्र में भी उत्तर प्रदेश का फार्मूला लागू कर अकेले दम चुनाव लड़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उनके यह विचार हजारों कार्यकर्ताओं की भावनाओं पर आधारित हैं।
केंद्र में मंत्री का पद संभालने के बाद पहली बार मुंबई में संवाददाताओं से रूबरू होते हुए देशमुख ने कहा कि वह राज्य व केंद्रीय नेतृत्व से इस संबंध में जल्द से जल्द फैसला लेने का आग्रह करेंगे।
यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने इस संबंध में राहुल गांधी से चर्चा की तो इसके जवाब में देशमुख ने कहा, "राहुल गांधी यहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ हैं। मैं उन्हें मनाने का भरपूर प्रयास कर रहा हूं। कार्यकर्ताओं की भावनाओं को आलाकमान तक पहुंचाकर मैंने अपना काम कर दिया है। बाकी आलाकमान पर निर्भर करता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।