महिलाओं की मौत पर कश्मीर में हिंसक प्रदर्शन, जांच का आदेश (लीड-1)
घाटी में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन को देखते हुए राज्य सरकार ने सोपियां के जिलाधिकारी एम.आर. ठाकुर का ड्यूटी का निर्वहन करने में विफल रहने पर तबादला कर दिया है और गंदरबल के जिलाधिकारी ए.एम.खांडे को नया जिलाधिकारी नियुक्त किया है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने संवाददाताओं से कहा, "मैं अपनी कुर्सी छोड़ना पसंद करूंगा, प्रतिष्ठा नहीं छोड़ सकता। सोपियां में दो महिलाओं की रहस्यमय मौत पर सरकार ने न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। "
इस बीच कश्मीर के मंडल आयुक्त ने कहा कि हमें फोरेंसिक जांच के नतीजों का इंतजार है।
अलगाववादी संगठन हुर्रियत के कट्टरपंथी धड़े के नेता सैयद अली शाह गिलानी ने श्रीनगर और घाटी के कई अन्य कस्बों में हड़ताल का आह्वान किया था।
हड़ताल की वजह से श्रीनगर और घाटी के बहुत से अन्य शहरों में दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान, सरकारी कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान और बैंक बंद रहे। घाटी के पांच थाना-क्षेत्रों में कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंध लगाए गए हैं। किसी भी हिंसा से निपटने के लिए श्रीनगर में बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए थे।
पुख्ता सुरक्षा के बावजूद श्रीनगर और कई अन्य कस्बों में कुछ गुस्साए नौजवानों ने विरोध प्रदर्शन किया। इन लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
अन्य जिला मुख्यालयों में भी तनाव को देखते हुए सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
सोपियां के निवासियों ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार शाम दो युवतियों नीलोफर जन (22) और आसिया जन (17) के साथ कथित तौर पर बलात्कार के बाद उनकी हत्या कर दी गई थी। दोनों के शव शनिवार सुबह निकट के नागबल गांव से बरामद हुए थे। इस घटना के लिए सुरक्षा बलों पर आरोप लगाया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications