ममता का बिहार में रेलगाड़ी पर हमले की जांच का आदेश (लीड-2)
बिहार के पटना-मोकामा रेलखंड के खुसरूपुर रेलवे स्टेशन पर लोगों ने श्रमजीवी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर सोमवार को रेल आवागमन बाधित किया और दो ट्रेनों को आग लगा दी।
कालीघाट स्थित अपने आवास पर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि उन्हें या मंत्रालय को पूर्वी मध्य रेलवे के अंतर्गत आने वाले स्टेशन पर एक्सप्रेस रेलगाड़ियों के ठहराव को खत्म करने के किसी भी निर्णय के बारे में पूरी तरह अंधेरे में रखा गया।
रेलमंत्री ने कहा, "यदि ऐसा किया गया है तो यह मंत्रालय की गैर-जानकारी में हुआ है। यदि इसमें कुछ गैरकानूनी है तो उसे हम देखेंगे।"
बनर्जी ने कहा कि अभी तक उन्हें घटना की विस्तृत जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा किसी को बदनाम करने के लिए किया गया है तो यह ठीक नहीं है।
बनर्जी ने कहा कि विभागीय जांच पता लगाएगी कि क्या मंत्रालय की बिना जानकारी के किसी अधिकारी ने यह निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि वह बिहार और बंगाल के बंटवारे में यकीन नहीं करती हैं।
पटना-मोकामा रेलखंड के खुसरूपुर रेलवे स्टेशन पर दो ट्रेनों को आग लगा दी गई जिसमें एक ट्रेन की वातानुकूलित बोगी और दूसरी की दो बोगियां क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
रेलवे विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक खुसरूपुर रेलवे स्टेशन पर श्रमजीवी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर कुछ लोगों ने 543 राजगीर-दानापुर पैसेंजर ट्रेन की दो बोगियों को आग लगा दी। उन्होंने बताया कि इससे दोनों बोगियां क्षतिग्रस्त हो गईं। इस आगजनी में पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी को भी नुकसान पहुंचा है।
उधर, दानापुर रेल मंडल के प्रवक्ता रंजीत सिंह ने आईएएनएस को बताया कि कुछ लोगों ने खुसरूपुर स्टेशन पर ही 3226 दानापुर-दरभंगा इंटरसिटी एक्सप्रेस की वातानुकूलित बोगी के शीशे तोड़कर उसमें आग लगा दी। हालांकि जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया। आग की वजह से बोगी के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए।
सिंह के अनुसार विभाग ने लोगों की मांग को देखते हुए पुन: श्रमजीवी एक्सप्रेस के खुसरूपुर स्टेशन पर ठहराव के आदेश दे दिए हैं लेकिन इसकी समीक्षा की जाएगी। स्टेशन पर स्थिति अब सामान्य हो गई है।
उल्लेखनीय है रेलवे की ओर से प्रायोगिक तौर पर खुसरूपुर स्टेशन पर छह माह के लिए श्रमजीवी एक्सप्रेस का ठहराव किया गया था। परंतु बीते गुरुवार यहां इस ट्रेन का ठहराव रद्द कर दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications