आस्ट्रेलियाई उच्चायोग के बाहर विरोध प्रदर्शन
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और जिम्मेदार ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विरोध प्रदर्शन कर रहे रमेश कालरा ने आईएएनएस से कहा, "हम ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई कर रहे अपने बच्चों के समर्थन में यहां आए हैं। सरकार सो रही है इसलिए हमें आना पड़ा है यहां। मेरा बेटा भी वहां पढ़ता है। हालांकि अभी तक उसके साथ ऐसी कोई वारदात नहीं हुई है लेकिन वह भयभीत है।"
भाजयुमो सदस्यों के एक छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त जान मैककार्थी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद भाजयुमो अध्यक्ष अमित ठाकर ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "उन्होंने भारतीय छात्रों पर हो रहे हमलों की निंदा की है। उन्होंने हमारी बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि भारतीयों की भावना से वह ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री केविन रूड को अवगत कराएंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications