मोदी का आस्ट्रेलिया में गुजरात के छात्रों को मदद का वादा
मुख्यमंत्री कार्यालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि पिछले सप्ताह आस्ट्रेलिया में भारतीय मूल के कुछ छात्रों पर हुए नस्लीय हमलों के बाद मुख्यमंत्री वहां अध्ययनरत राज्य के छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने छात्रों से आस्ट्रेलिया में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किसी भी आवश्यकता पर फोन करने या पत्र लिखने को कहा है।
प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय का फोन नंबर और ई-मेल पता गुजरात सरकार की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि राज्य के काफी छात्र आस्ट्रेलिया में पढ़ाई कर रहे हैं और अपने पाठ्यक्रम को पूरा किए बिना वे शीघ्र भारत वापस नहीं लौट सकते।
उल्लेखनीय है कि भारतीयों पर हो रहे नस्लीय हमलों के विरोध में रविवार को मेलबर्न में हजारों भारतीयों ने विरोध प्रदर्शन किया और हमलावरों को दंडित करने की मांग की। सरकार के अनुमान के अनुसार आस्ट्रेलिया में 90,000 से अधिक भारतीय छात्र और 200,000 से अधिक भारतीय मूल के लोग हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications