'स्वात में सैन्य कार्रवाई अंतिम चरण में'

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री सैयद अतहर अली ने उम्मीद जताई है कि अगले दो-तीन दिनों में सेना स्वात घाटी और आस-पास इलाक़ों से तालेबान को पूरी तरह ख़त्म कर देगी.उन्होंने रविवार को सिंगापुर में एशियाई देशों के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि अब सिर्फ़ पाँच से दस फ़ीसदी काम बाक़ी है और सेना तालेबान नेताओं को निशाना बना रही है.
उनका बयान ऐसे समय में आया है जब पाकिस्तानी सेना ने स्वात घाटी के मुख्य शहर मिंगोरा को चरमपंथियों से खाली करा लेने का दावा किया है.
कुछ इलाक़ों में अभी चरमपंथी छिपे हुए हैं
हालाँकि पाकिस्तान स्थित बीबीसी संवाददाता का कहना है कि सेना अपने अभियान में सतर्कता बरत रही है और उसे तालेबान का प्रतिरोध ख़त्म करने में कुछ हफ़्ते और लग सकते हैं.
इस बीच अधिकारियों का कहना है कि अफ़ग़ान सीमा के पास सेना पर तालेबान लड़ाकों ने हमला कर दिया जिसमें चालीस चरमपंथियों के मारे गए हैं.
लगभग आठ घंटे तक चली लड़ाई में चार जवान भी मारे गए.
'मिंगोरा पर नियंत्रण'
पाकिस्तानी सेना का कहना है कि उसने स्वात घाटी के सबसे बड़े नगर मिंगोरा पर पूरी तरह नियंत्रण हासिल कर लिया है लेकिन कुछ बाहरी इलाक़ों में तालेबान के साथ अब भी झड़पें जारी हैं.
सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल अतहर अब्बास कहा कि सेना ने मिंगोरा में तालेबान से नियंत्रण हासिल कर लिया है.
सेना के साथ संघर्ष में 40 चरमपंथी मारे गए
उनका कहना था कि अब वहाँ नागरिक सेवाओं को बहाल करने का काम चल रहा है.
डॉक्टर शहर के मुख्य अस्पताल को दोबारा खोलने के लिए पहुँच गए हैं. जनरल अतहर अब्बास ने कहा कि पेयजल आपूर्ति बहाल करने के लिए मोबाइल जेनरेटरों का इस्तेमाल किया जा रहा है.
हालाँकि बिजली आपूर्ति बहाल करने में कम से कम दो हफ़्ते लगेंगे. उन्होंने कहा कि तालेबान को दोबारा आने से रोकने के लिए स्थानीय लोगों को मिलाकर समितियाँ बनाई जाएंगी.


Click it and Unblock the Notifications