'पाक सेना का मिंगोरा पर पूर्ण नियंत्रण'

पाकिस्तानी सेना का कहना है कि उसने स्वात के मिंगोरा शहर पर पूरी तरह नियंत्रण हासिल कर लिया है. लेकिन कुछ इलाक़ों में तालेबान से झड़पें जारी हैं. सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल अतहर अब्बास ने कहा कि सेना ने मिंगोरा में तालेबान से नियंत्रण हासिल कर लिया है.
उनका कहना था कि अब वहाँ नागरिक सेवाओं को बहाल करने का काम शुरू किया जाएगा ताकि लोग वापस लौट सकें. उन्होंने बताया कि शुरुआत में तालेबान ने मुक़ाबला करने की कोशिश की लेकिन बाद में कड़ी कार्रवाई को देखते हुए वे भाग खड़े हुए.
मेजर जनरत अतहर अब्बास का कहना था कि तालेबान के भागने के रास्ते भी बंद कर दिए गए हैं. उनका कहना था कि इस इलाक़े में जल्द स्थानीय रक्षा समितियों का गठन किया जाएगा ताकि तालेबान चरमपंथी वापस न लौट सकें.
कड़ा संघर्ष
पिछले एक हफ़्ते में मिंगोरा में सेना का तालेबान लड़ाकों के साथ भीषण संघर्ष हुआ था. इस दौरान सेना ने तालेबान चरमपंथियों की घर-घर जाकर तलाश की थी. ग़ौरतलब है कि तालेबान के साथ हुआ एक शांति समझौता टूट गया था जिसके बाद सेना ने स्वात घाटी में सैन्य अभियान शुरू कर दिया था.
संघर्ष शुरू होने के बाद से इसमें सैकड़ों लोग मारे गए हैं. संयुक्त राष्ट्र के अनुमान के अनुसार इसके कारण लगभग 25 लाख लोग स्वात घाटी से विस्थापित हुए हैं. सेना के मिंगोरा पर नियंत्रण के दावे से कुछ ही दिन पहले ही लाहौर में एक ज़बरदस्त बम धमाका हुआ था.
बाद में तालेबान ने दावा किया था कि उसने वो धमाका स्वात घाटी में सेना की कार्रवाई का बदला लेने के लिए किया था. वैसे मिंगोरा में सैन्य आधार हमेशा ही रहा है मगर पिछले कुछ हफ़्तों से वहाँ तालेबान का नियंत्रण हो गया था.


Click it and Unblock the Notifications