पश्चिम बंगाल: बीमारी फैलने की आशंका

जिला अधिकारी खलील अहमद ने कहा कि जानवरों के शवों को हटाने और सफाई अभियान में देरी और पेयजल की किल्लत इसकी वजह हो सकती है। पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री असीम दासगुप्ता ने कहा कि शुक्रवार के बाद से और सात लोगों की मौत की खबर है। इसके बाद मृतकों की संख्या 125 हो गई है।
ममता भेजेंगी राहत समग्री
इस बीच रेल मंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल के तूफान पीड़ितों के लिए राहत सामग्री भेजेगी। केंद्र सरकार नुकसान का जायजा लेने के लिए एक दल भेजने का फैसला भी किया है।
नई दिल्ली में एक बंगाली टेलीविजन चैनल से बातचीत में बनर्जी ने कहा कि यह फैसला केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में किया गया।
बनर्जी ने कहा कि कैबिनेट बैठक में उन्होंने तूफान पीड़ितों की समस्याओं को रखा। जिस पर प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल को राहत सामग्री भेजने का निर्देश दिया।
बनर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उनसे कहा कि इस मुद्दे पर मैं वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी और गृह मंत्री पी. चिदंबरम से चर्चा करूं।
उन्होंने कहा कि उसके बाद वित्त मंत्री और गृह मंत्री के साथ मेरी बैठक हुई जिसमें फैसला हुआ कि राहत सामग्री तत्काल भेजा जाएगा। बनर्जी ने कहा कि मैंने यह सुझाव दिया है कि राहत सामग्री सीधे जिला अधिकारी के पास भिजवाए जाएं। क्योंकि यह राज्य सरकार के पास गई तो पीड़ितों को कुछ नहीं मिल पाएगा।
केंद्र ने जायजा लिया
उन्होंने कहा कि जिला अधिकारियों के जरिये ये राहत सामग्री पंचायत के जरिये बांटे जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने नुकसान का जायजा लेने के लिए एक दल भेजने का भी फैसला किया है।
उधर तूफान पीड़ितों की सहायता के लिए चीन ने 30,000 डॉलर (14.1 लाख रुपये) की सहायता भारतीय रेडक्रास समिति को दी है। भारत में चीन के राजदूत झांग यान ने गुरुवार को इस राशि का चेक भारतीय रेडक्रास समिति के सचिव एस.पी.अग्रवाल को सौंपा।
उल्लेखनीय है कि 25 मई को आए तूफान 'आइला' से पश्चिम बंगाल के 13 जिलों में 53 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। तूफान से करीब 600,000 घर नष्ट हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications