भाजपा आत्मनिरीक्षण की प्रक्रिया में : आडवाणी
नई दिल्ली, 31 मई (आईएएनएस)। रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संसदीय दल के नेता निर्वाचित हुए लालकृष्ण आडवाणी ने अपनी पार्टी के सांसदों से कहा कि चुनाव परिणाम निराशाजनक रहे और संगठन में आत्मनिरीक्षण की प्रक्रिया जारी है।
रविवार शाम पार्टी सांसदों की एक बैठक में आडवाणी ने कहा, "हमें पता लगाने की आवश्यकता है कि क्यों गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में हमें आशा से कम सीटों पर जीत हासिल हुई।"
उन्होंने भाजपा सांसदों को आश्वस्त किया कि पार्टी नेतृत्व में आत्मनिरीक्षण, विश्लेषण और सुधार की प्रक्रिया पूरी गंभीरता से जारी है। यह बहुत विस्तृत प्रक्रिया है और किसी भी तथ्य की अनदेखी नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस बात का पता लगाया जाएगा कि क्यों राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड और उड़ीसा में पार्टी का प्रदर्शन खराब रहा।
उन्होंने सांसदों से निराश न होने को कहा।
आडवाणी ने कहा कि लोकसभा में 116 सांसद और राज्यसभा में 47 सांसद तथा आठ राज्यों में सरकार के साथ भाजपा भारतीय राजनीति की एक बड़ी ताकत बनी रहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications