15वीं लोकसभा का पहला सत्र कल से (लीड-1)
सत्र का आरंभ नवनिर्वाचित 543 सांसदों के शपथ ग्रहण के साथ आरंभ होगा। इस प्रक्रिया के लिए दो दिन निर्धारित किए गए हैं और इसके बाद बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष का निर्वाचन होगा। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल गुरुवार को संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगी।
लालकृष्ण आडवाणी को विपक्ष का नेता चुनने और लोकसभा में पार्टी की रणनीति पर विचार करने के लिए नवनिर्वाचित सांसदों की बैठक से पहले पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने आईएएनएस से कहा,"हम विपक्ष में बैठेंगे और रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे।"
भाजपा के ही एक अन्य वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू ने एक टेलीविजन चैनल पर कहा,"सरकार को अपने वादे के अनुसार अच्छे काम करने दीजिए, हम विपक्ष में बैठेंगे।"
भारत में पहली बार किसी महिला का लोकसभा अध्यक्ष बनना तय हो गया है। इस सिलसिले में कांग्रेस में पूर्व उप प्रधानमंत्री जगजीवन राम की पुत्री और केंद्रीय जल संसाधन मंत्री मीरा कुमार के नाम पर सहमति बन गई है।
पांचवीं बार सांसद चुनी गईं मीरा कुमार बिहार के सासाराम से निर्वाचित हुई हैं। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश और दिल्ली से भी लोकसभा के लिए निर्वाचित हो चुकी हैं।
मीरा कुमार ने राजनीति में आने के लिए वर्ष 1985 में भारतीय विदेश सेवा से इस्तीफा दे दिया था। कानून में स्नातक होने के साथ ही वह अंग्रेजी साहित्य में परास्नातक हैं।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में कैबिनेट की शनिवार को पहली बैठक हुई। इसमें संसद के संयुक्त अधिवेशन में होने वाले राष्ट्रपति के अभिभाषण को अंतिम रूप दिया गया। समझा जाता है कि अभिभाषण में समाज कल्याण योजनाओं और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के सरकार के उपायों पर जोर दिया गया है।
राष्ट्रपति पाटिल के अभिभाषण में सत्तारूढ़ पार्टी और उसके सहयोगियों की नीतियों और कार्यक्रमों के अनुरूप सरकार के साल भर के कामकाज का एजेंडा रहेगा।
प्रधानमंत्री पहले से ही अपनी सरकार के लिए 100 दिन की कार्ययोजना तैयार करने का वादा कर चुके हैं और उम्मीद है कि इसमें संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के अधूरे कार्यो, विशेष तौर पर ढांचागत और विकास संबंधी क्षेत्रों पर जोर दिया जाएगा। इसके अलावा वर्तमान मंदी के दौर से अर्थव्यवस्था को उबारने के लिए नए प्रोत्साहन पैकेज की भी घोषणा हो सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications