दिल्ली में बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई, लेकिन उमस ने सताया (लीड-1)
दिल्लीवासी रविवार सुबह जब जागे तब तो उन्हें मौसम काफी सुहाना लगा क्योंकि रात में करीब 43.4 मिलीमीटर बारिश हुई थी लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया सुहाने मौसम ने शरीर से सारा पानी निचोड़ लेने वाली जबरदस्त उमस का रूप ले लिया।
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में 43.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "दिल्ली में अभी दो दौर की बारिश या बूंदाबादी हो सकती है।" इस लिहाज से तो दिल्लीवासियों के पास अगले कुछ दिनों तक खुशी मनाने का मौका है लेकिन उमस के बारे में सोचकर लोगों का मौसम का लुत्फ उठाने का मजा किरकिरा होता दिख रहा है।
रविवार को न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया। यह औसत से सात डिग्री कम है। दूसरी ओर, अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री रहा, जो औसत से पांच डिग्री कम है। इस दौरान न्यूनतम आर्द्रता 62 प्रतिशत और अधिकतम 100 प्रतिशत रही।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications