मुंबई हवाई अड्डे पर दो विमानों की टक्कर टली, जांच के आदेश (लीड-1)
हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार सुबह 7.27 बजे मुंबई से दिल्ली को जाने वाला एयर इंडिया का विमान और मुंबई से कोलकाता जाने वाला जेट एयरवेज का विमान उड़ान भरने को था।
एयर इंडिया का विमान मुख्य रनवे 927 पर था जबकि 'क्रास रनवे' 1427 पर जेट का विमान था। एयर इंडिया के विमान में 119 और जेट के विमान में 120 यात्री सवार थे।
हवाई यातायात नियंत्रण कक्ष से उड़ान भरने की इजाजत मिलने के बाद दोनों विमान बढ़ने लगे और खतरनाक रूप से एक दूसरे के लगभग निकट आ गए। परंतु दोनों पायलटों ने सही समय पर अपने-अपने विमान रोक दिए और इस तरह से एक बड़ा हादसा टल गया।
नई दिल्ली में नागरिक उड्डयन मंत्रालय के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को इस घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं। हवाई यातायात नियंत्रक (एटीसी)दोनों विमानों की स्थिति से पूरी तरह अवगत था।
प्रवक्ता ने कहा कि इस बात का कोई मतलब नहीं है कि दुर्घटना मामूली या थोड़े अंतर से टल गई। दोनों विमान एटीसी की निगरानी में थे।
उन्होंने कहा कि एटीसी ने जेट एयरवेज के विमान को उड़ने की अनुमति दी। परंतु जब उन्होंने एयर इंडिया के विमान को भी रनवे पर दौड़ते देखा तो उन्होंने जेट के पायलट को रुकने को कहा।
उन्होंने कहा कि इस बात की भी जांच होगी कि बिना अनुमति के एयर इंडिया के पायलट ने क्यों विमान को आगे बढ़ाया।
मुंबई हवाई अड्डे पर बड़ी दुर्घटना टलने की यह दूसरी घटना है। नौ फरवरी को राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के हेलीकाप्टरों के काफिले के सामने भी एयर इंडिया का एक विमान आ गया था।
इंडो-एशिय न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications